Western Times News

Gujarati News

भारत में कोविड के दैनिक नए मामलों में गिरावट लगातार जारी

पिछले एक महीने में औसतन दैनिक मौतों में 55 प्रतिशत की गिरावट- 62.6 लाख लाभार्थियों का कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण किया गया

भारत में कोविड के दैनिक नए मामलों में गिरावट लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों में 9,110 नए रोगी सामने आये हैं। दैनिक मरीज़ों की घटती संख्या और बढ़ती रिकवरी दर ने सक्रिय मामलों की संख्या में निरंतर गिरावट सुनिश्चित की है।

देश में आज कोरोना वायरस के संक्रमण का उपचार करा रहे रोगियों की संख्या 1.43 लाख (1,43,625) है, जो कुल सकारात्मक मामलों का सिर्फ 1.32 फीसदी है।

अब तक संक्रमण मुक्त होने वाले लोगों की कुल संख्या 1.05 करोड़ (1,05,48,521) तक पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में 14,016 मरीज संक्रमण से ठीक हुए हैं और उन्हें छुट्टी दी गई है। स्वस्थ होने वाले रोगियों और सक्रिय मामलों के बीच का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है। यह आज संख्या 1,04,04,896 पर आंकी गई है।

कोविड से स्वस्थ होने वालों के आंकड़ों में लगातार वृद्धि के साथ, भारत की रिकवरी दर 97.25% तक पहुंच गई है, जो विश्व स्तर पर उच्चतम है। ब्रिटेन, अमरीका, इटली, रूस, ब्राजील और जर्मनी में ठीक होने की दर भारत की तुलना में काफी कम है।

भारत में कोविड से होने वाली दैनिक मौतों का औसत भी तेजी से घट रहा है। जनवरी 2021 के दूसरे सप्ताह में यह संख्या प्रतिदिन की मृत्यु के उच्च स्तर 211 पर थी, जबकि फरवरी 2021 के दूसरे सप्ताह में औसत दैनिक मृत्यु घटकर 96 हो गई। इस प्रकार 55% की गिरावट दर्ज की गई है।

भारत में कोविड से होने वाली मृत्यु दर (सीएफआर) दुनिया में सबसे कम 1.43% है। जबकि वैश्विक औसत 2.18% है। देशव्यापी कोविड 19 टीकाकरण अभ्यास के तहत 9 फरवरी, 2021 के सुबह 8:00 बजे तक लगभग 62.6 लाख (62,59,008) लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया है। इनमें से 5,482,102 स्वास्थ्य कर्मचारी और 7,76,906 अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता हैं।


Read News In Hindi

Read News in English

Copyright © All rights reserved. | Developed by Aneri Developers.