Western Times News

Gujarati News

1000 फर्जी पासपोर्ट और 10.50 लाख नकद के साथ एक गिरफ्तार

झारखंड की राजधानी रांची में फर्जी पासपोर्ट के सहारे लोगों को विदेश भेजने का गोरखधंधा अर्से से चल रहा है। रांची में जहां पूर्व में फूलन देवी के हत्यारे शेर सिंह राणा समेत कई बांगलादेशियों का भी फर्जी पासपोर्ट बन चुका था, वहीं जमशेदपुर में एक अफगानी महिला का फर्जी पासपोर्ट बनने का मामला सामने आया था।

इसी बीच पुलिस ने सोमवार रात रांची के बिरसा चौक से एक हजार फर्जी पासपोर्ट और 10.50 लाख नकद के साथ राजेश प्रसाद नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है। इस धंधे का मास्टरमाइंड रांची के चुटिया का निवासी राजेश सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि रांची के बिरसा चौक के पास भारी मात्रा में नकद रुपये व फर्जी पासपोर्ट रांची से पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर भेजा जा रहा है।

जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह ने तत्काल छापेमारी की। इस दौरान मौके से एक कार से दो सूटकेस में रखे 10.50 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में फर्जी पासपोर्ट बरामद किए गए। मौके से राजेश प्रसाद गिरफ्तार किया गया। वहीं, राजेश सिंह चकमा देकर भाग गया। आरोपित राजेश प्रसाद से देर रात तक थाने में हटिया एएसपी विनीत कुमार पूछताछ करते रहे।

अब तक की पूछताछ में राजेश प्रसाद ने पूरा आरोप राजेश सिंह पर मढ़ दिया है। उसका कहना है कि नकदी और पासपोर्ट के संबंध में राजेश सिंह ही सही जानकारी दे पाएगा। आशंका जताई जा रही है कि फर्जी पासपोर्ट के आधार पर बड़े पैमाने पर विदेश भेजने, नक्सलियों और आतंकियों तक पासपोर्ट भेजने का धंधा किया जाता था। पुलिस आतंकी कनेक्शन की आशंका को देखते हुए गंभीरता से जांच में जुट गई है। हालांकि, अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

पकड़ा गया राजेश प्रसाद मास्टरमाइंड राजेश सिंह का कर्मचारी है। राजेश प्रसाद के माध्यम से नकदी और फर्जी पासपोर्ट जमशेदपुर भेजने के लिए राजेश सिंह ने एक ट्रैवल एजेंसी से कार की बुकिंग की थी। इस दौरान राजेश प्रसाद नशे में धुत था। पुलिस को बताया कि बिरसा चौक के पास चालक से राजेश सिंह का झगड़ा हो गया।

चालक ने अटैची कार से उतारकर सड़क किनारे रख दी। इस बीच चालक को कुछ नकदी नजर आ गई। शक होने पर चालक ने ही जगन्नाथपुर थाने की पुलिस को सूचना दे दी। थानेदार मौके पर पहुंचे। इस बीच राजेश सिंह भाग गया। राजेश सिंह की तलाश में जगन्नाथपुर सहित अन्य थानों की पुलिस ने चुटिया के अलावा रांची के कई ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस ने राजेश सिंह की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर नाकेबंदी कर रखी है। अभी तक वह हत्थे नहीं चढ़ पाया है। इस मामले में पुलिस के अधिकारी अभी खुलकर कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं।


Read News In Hindi

Read News in English

Copyright © All rights reserved. | Developed by Aneri Developers.