Western Times News

Gujarati News

लंबे समय तक सीएम नहीं रहेंगे येदियुरप्पा: बीजेपी विधायक

बगावत का संकेत देते हुए भाजपा विधायक बासनगौड़ा पाटिल यतनाल ने कहा है कि बी.एस. येदियुरप्पा लंबे समय तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि आलाकमान ने फैसला किया है कि उनके उत्तराधिकारी उत्तरी कर्नाटक क्षेत्र से होंगे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल अपने गृह जिले शिवमोगा के विकास कार्यों में रूचि दिखाते हैं, जबकि अन्य निर्वाचन क्षेत्रों के विधायकों को आवंटित कोष को वापस ले रहे हैं। यतनाल ने कहा, ‘(निर्वाचन क्षेत्र के लिए) 125 करोड़ रुपये आए थे, लेकिन हमारे मुख्यमंत्री ने इसे वापस ले लिया, जिसके बाद मेरे और उनके बीच लड़ाई शुरू हो गई।

वह सारी चीजें शिवमोगा ले जा रहे हैं, वह लंबे समय तक (मुख्यमंत्री) नहीं रहेंगे। उनका समय आ गया है। अपने निर्वाचन क्षेत्र विजयपुरा में एक कार्यक्रम में सोमवार को संवाददाताओं से बात करते हुए यतनाल ने दावा किया कि भाजपा आलाकमान के पास येदियुरप्पा के कई विकल्प हैं।

उन्होंने कहा, ‘उमेश कट्टी (भाजपा विधायक) ने भी सवाल किया था कि वह (येदियुरप्पा) शिवमोगा के लिए मुख्यमंत्री हैं या समूचे कर्नाटक के लिए। अगर 125 करोड़ रुपये मुझसे वापस नहीं लिए जाते तो हमने सारी सड़कें सीमेंट की बनाने की योजना बनाई थी। लेकिन रकम वापस ले ली गई, मैं इसे नहीं छोडूंगा, मैं इसके लिए लड़़ रहा हूं और रकम वापस लेकर आऊंगा।

येदियुरप्पा की उम्र को देखते हुए नेतृत्व में संभावित बदलाव को लेकर हालिया समय में कुछ हलकों में अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, प्रदेश भाजपा ने येदियुरप्पा को हटाने संबंधी खबरों को खारिज किया था। यतनाल ने कहा कि उत्तरी कर्नाटक के लोगों के समर्थन के कारण भाजपा सरकार बना सकी। उन्होंने कहा, ‘क्या मांड्या, चामराजनगर और कोलार जैसे दक्षिणी जिलों में उन्हें किसी ने वोट दिया। उत्तरी कर्नाटक में पार्टी को ज्यादा संख्या में सीटें मिलीं।


Read News In Hindi

Read News in English

Copyright © All rights reserved. | Developed by Aneri Developers.