Western Times News

Gujarati News

पहलगाम में भी दिन का तापमान 9.0 डिग्री गिरकर 2.0 डिग्री पहोंचा

जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को बारिश और बर्फबारी से दिन के तापमान में जबरदस्त गिरावट आई है। कश्मीर में लगातार तीसरे दिन भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने से ठंडक बढ़ी है। घाटी फिर शीतलहर की चपेट में है। कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 10 से 12 डिग्री तक गिर गया है।

जम्मू संभाग के भी कई जिलों में बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चलती रहीं। इससे चढ़ती तपिश से राहत मिली है। बारिश और तेज हवाओं से कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा प्रभावित हुई। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 13 और 14 मार्च को भी जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

कश्मीर में तीसरे दिन भी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। घाटी में तेज बारिश से सर्दी फिर लौट आई है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रुक रुक कर बारिश होती रही। यहां दिन का तापमान सामान्य से 10.1 डिग्री गिरकर 4.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

विश्व विख्यात पर्यटन स्थल पहलगाम में भी दिन का तापमान सामान्य से 9.0 डिग्री गिरकर 2.0 डिग्री तक पहुंच गया है। गुलमर्ग में यह तापमान माइनस 2.4 डिग्री रहा। जम्मू में बीती रात तेज हवाओं के साथ हुई बारिश का सिलसिला शुक्रवार दिनभर रुक-रुक कर जारी रहा। इस बीच धूप भी खिलती रही, लेकिन तपिश से राहत मिली। दोपहर को शहर और आसपास के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई। तेज हवाएं चलती रहीं।

जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से 5.0 डिग्री गिरकर 21.0 डिग्री और बीती रात का न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। यहां दिन का तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री गिरकर 19.3 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिला उधमपुर के चिनैनी के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई। जिला कठुआ में भी बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान गिरा है।


Read News In Hindi

Read News in English

Copyright © All rights reserved. | Developed by Aneri Developers.